शेयर बाजार में 11 साल की सबसे बड़ी गिरावट; टैक्स स्लैब के अब 2 विकल्प

वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने शनिवार को बजट पेश किया। वित्तमंत्री का भाषण पिछले 73 साल में पेश हुए 91 बजट में सबसे लंबा था। वे सदन में 2 घंटे 41 मिनट तक बोलीं। सीतारमण ने 30.42 लाख करोड़ का बजट पेश किया। इस दिन शेयर बाजार में 6 घंटे में निवेशकों के 3.4 लाख करोड़ रुपए डूब गए, जो कुल बजट का 11% है। पहली बार सरकार ने इनकम टैक्स स्लैब के 2 विकल्प दिए, लेकिन सिर्फ 30 डिडक्शंस वाला नया विकल्प बचत पर भारी पड़ा।


बजट की वजह से शेयर बाजार में शनिवार होने के बावजूद ट्रेडिंग हुई। सेंसेक्स 987.96 अंक की गिरावट के साथ 39,735.53 पर बंद हुआ। सेंसेक्स की गिरावट से निवेशकों को 3.46 लाख करोड़ रुपए का नुकसान हुआ। निफ्टी भी 300.25 अंक नीचे 11661.85 पर बंद हुआ। बजट के इतिहास में अंकों के हिसाब से सेंसेक्स में यह अब तक की सबसे बड़ी गिरावट है। बीते 11 साल की भी यह सबसे बड़ी गिरावट है। इससे पहले 24 अक्टूबर 2008 को शेयर बाजार 1070.63 अंक गिरा था।